भाजपा की महिला समृद्धि योजना महिलाओं के साथ धोखा है – देवेन्द्र यादव

नई दिल्ली, 8 मार्च: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी बनाकर बराबर की हिस्सेदारी और देश की तरक्की में महिलाओं भागीदारी सुनिश्चित करना कांग्रेस का संकल्प है, जिसका प्रमाण देश को महिला प्रधानमंत्री और महिला राष्ट्रपति देकर महिलाओं के सम्मान और समृद्धि की एक मिसाल पूरे विश्व में कायम की। पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी ने पंचायती राज में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर देश में सबसे निचले ग्रामीण स्तर पंचायती प्रशासन में महिलाओं को हिस्सेदार बनाकर देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की थी।

श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली की आधी आबादी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का इंतजार था कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उनके लिए 2500 रुपये मासिक देने की घोषणा करेंगी लेकिन दिल्ली की मुख्यमंत्री द्वारा ऐसा कोई बयान नही दिया। भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए महिलाओं के फार्म भर रहे है जिससे सामने आया है कि 2.5 लाख से अधिक आय वाली महिला, पहले से पेंशन लेने वाली, सरकारी योजना का फायदा लेने वाली महिलाओं को 2500 रुपये की आर्थिक सहायता नही मिलेगी। पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक स्टेटमेंट भी मांग रहे है। मतलब साफ है कि प्राइवेट संस्थाओं व अन्य आय अगर महिलाओं को मिल रही है तो महिला 2500 रुपये लेने की पात्र नही होगी।

श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। महिला आर्थिक योजना का लाभ दिल्ली की सिर्फ 5-10 प्रतिशत महिलाओं को ही मिलेगी, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिल्ली की सभी महिलाओं को 2500 रुपये देने का वायदा सार्वजनिक रूप से किया था, जो केन्द्र व अन्य राज्यों की घोषणाओं की भांति जुमला साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की रसोई के बजट में राहत देने के लिए 500 रुपये का गैस सिलेंडर देने का वायदा और होली दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर की तो भाजपा मुख्यमंत्री चर्चा ही नही कर रही है। गर्भवती महिलाओं को पोषण किट और 20,000 रुपये की आर्थिक मदद देने और विधवाओं की पेंशन में वृद्धि की घोषणा का क्या हुआ? दिल्ली कांग्रेस जानना चाहती है कि भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं को भ्रमित करके जो वोट हासिल किए, महिलाओं को वायदे पूरे होने का कब तक इंतजार करना होगा?

श्री देवेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पूछा, जब पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना लागू हो सकती है तो महिलाओं के लिए 2500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता पर मुहर क्यों नही लगी? महिलाओं की आर्थिक और व्यक्तिगत जानकारी का जो काम महिला दिवस 8 मार्च से इंवेंट बनाकर शुरू हुआ है वो तो अधिसूचना के बाद भी हो सकता था। शायद भाजपा सरकार भी आम आदमी पार्टी के एजेंडे पर चलना चाहती है कि बजट में प्रावधान किया, घोषणा कर दी लेकिन महिलाओं को कुछ नही मिला। उन्हांने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि 24-26 मार्च के बजट में महिलाओ के लिए योजना तैयार होगी अब बयान दिया कि 5100 करोड़ का बजट रखा है, कहीं रेखा सरकार भी तो आम आदमी पार्टी की तरह अवसरों को भुनाने का प्रयास तो नही कर रही?

श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं को 33 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की बात कही, क्या वो जानती है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में 68 में 8 महिलाओं को टिकट दिया गया? 100 दिन की बात कर रहे है क्या 8 फरवरी से 8 मार्च तक महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर कोई ठोस योजना बनाई गई। सीसीटीवी लगा रहे है, सीसीटीवी तो केजरीवाल ने भी लगाए थे जो घटनाक्रम की जानकारी देने अधिकतर असफल रहे। महिलाओं पर बढ़ते अपराध, बलात्कार, अत्याचार पर अंकुश लगाने के लिए कोई योजना पर कोई चर्चा क्यों नही कर रही डबल इंजन की दिल्ली सरकार?