भाजपा नेताओं का प्रोटेस्ट, शबीना अदीब के मेरठ में मुशायरे में आने पर पाबंदी 

Shabina Adeeb

मेरठ, 20 जुलाई (एच डी न्यूज़) ।भाजपा नेताओं के विरोध के बाद मशहूर शायरा शबीना अदीब के शनिवार रात को मेरठ के नौचंदी मेले के पटेल मंडप में होने वाले ऑल इंडिया मुशायरे में आने पर प्रतिबंध लग गई है। अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय ने फोन करके शबीना को कार्यक्रम में आने से मना कर दिया। शनिवार रात्रि को पटेल मंडप में ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन किया जा रहा है। इस मुशायरे में मशहूर शायर प्रोफेसर वसीम बरेलवी, डॉ. नवाब देवबंदी, डॉ. ऐजाज पोपुलर मेरठी, शबीना अदीब, जौहर कानपुरी, अजहर इकबाल सहित 11 शायरों को आमंत्रित किया गया है। प्रांतीय दर्जा मिलने के बाद नौचंदी मेले के आयोजन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन संभाल रहा है और पटेल मंडप के कार्यक्रमों का जिम्मा अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय के पास है। उत्तर भारत के ऐतिहासिक नौचंदी मेले में सरदार पटेल मंडप में प्रत्येक रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

शायरा शबीना अदीब के मेरठ आने के  कार्यक्रम का पता चलते ही भाजपा नेताओं ने इसका विरोध कर दिया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज और महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने इसे लेकर बैठक भी की और अधिकारियों से शबीना अदीब के आने का विरोध किया। सुरेश जैन रितुराज का कहना है कि शबाना अदीब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भाजपा के खिलाफ नज्म पढ़ रही हैं। कार्यकर्ताओं ने भी इस पर नाराजगी जताई है। शांति व्यवस्था बनाने को देखते हुए उनके आने पर रोक लगी है। शबीना के बिना भी पटेल मंडप में मुशायरा होगा।

शबीना अदीब ने ‘लहू रोता है हिंदुस्तान’ नज्म पढ़ने से भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित है। इसलिए उनका विरोध किया गया। मामले को संभालने के लिए प्रशासन ने शबीना को फोन कर मुशायरे में आने से रोक दिया। मुशायरे की अध्यक्षता करने वाले पूर्व मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन का कहना है कि कुछ लोगों की गलत मानसिकता है। उनका पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय के अनुसार, भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद मशहूर शायरा शबीना अदीब को फोन कर मुशायरे में आने से मना किया गया है।