पेरिस, 28 जुलाई । पेरिस ओलंपिक 2024 की पदक तालिका में भारत का खाता खुल गया है। भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने इतिहास रचते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। 22 साल की निशानेबाज ने रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में तीसरा स्थान हासिल करने के बाद कांस्य पदक जीता। इसी के साथ वह ओलंपिक में निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
मनु भाकर ने आठ महिलाओं के फाइनल में 221.7 का स्कोर हासिल किया। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक दक्षिण कोरिया की दो खिलाड़ियों ने जीता। ओह ये जिन 243.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक और किम येजी ने 241.3 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
मनु भाकर को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने कांस्य पदक जीतने पर दी बधाई
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और देश के अन्य नेताओं ने एयर पिस्टल में भारतीय महिला खिलाड़ी मनु भाकर को बधाई दी है। राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मू ने कहा कि पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाली मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह शूटिंग प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी यह उपलब्धि कई खिलाड़ियों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करने वाली है। वे कामना करती हैं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों को छुएं।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, यह एक ऐतिहासिक पदक है। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के लिए पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई हो। यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि है।गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतकर पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई। आपने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश में उत्साह की लहर दौड़ा दी है। आपकी उपलब्धि पर देश गर्व से भर गया है।